दुगरी इलाके में एक रेत से भरा टिप्पर गड्ढे में फंसकर दो बाइक पर जा गिरा। इस हादसे में दोनों बाइक चालक बाल बाल बच गए। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने टिप्पर चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे होशियारपुर से रेत से लदा एक टिप्पर दुगरी इलाके में पहुंचा। टिप्पर ने रेत उतारने के लिए फ्लावर एन्क्लेव जाना था। इलाके में सीवरेज का काम होने की वजह से जमीन कमजोर थी और टिप्पर वहां पर फंस कर पलट गया।
सामने से दो बाइक पर प्रेम अरोड़ा और परमजीत सिंह आ रहे थे। सड़क पर कीचड़ ज्यादा होने की वजह से उनके बाइक कीचड़ में फंस गए। उधर से टिप्पर उन पर पलटने लगा। परमजीत सिंह तो बाइक छोड़कर भाग निकले, लेकिन प्रेम अरोड़ा वहां से निकल नहीं पाए।
प्रेम के साथ जा रही महिला भी वहां से निकल गई। जब टिप्पर प्रेम पर पलटने लगा तो महिला ने प्रेम को बाजू से पकड़ कर खींच लिया। इससे प्रेम भी बच गया। नाराज लोगों ने इस दौरान निगम के खिलाफ नारेबाजी की।