जालंधर रोड पर शुक्रवार को घने कोहरे की वजह से स्कूल बस और 16 टायरी ट्रक के बीच टक्कर हो गई। ट्रक सड़क के बीचों बीच खड़ा था और कोहरा घना होने के कारण बस चालक उसे देख नहीं पाया।
बच्चों के चीखने की आवाज सुन आस पास के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला और उनके परिजनों को फोन किया। जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों को खुद ही अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस हादसे में घायल बस ड्राइवर बलबीर सिंह निजी अस्पताल में दाखिल है।
जानकारी के अनुसार सिधवां बेट से जगरांव की तरफ को सिधवां खुर्द स्कूल की प्राइवेट बस विद्यार्थियों को लेकर आ रही थी। गांव बद्दोवाल के पास बीती रात से सड़क के बीच हादसा ग्रस्त ट्रक खड़ा था। सामने से वाहन आने के कारण बस चालक को सड़क पर खड़े हादसाग्रस्त ट्रक के बारे में पता नहीं चला और वह सीधे ट्रक से टकरा गया।
ट्रक की टक्कर होते ही बच्चे चीखने लगे। हादसे में ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया, जबकि बच्चों को भी मामूली चोेटें आईं। बच्चों के चीखने की आवाज सुन कर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए।