रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने सोमवार शाम को ज्वाला सिंह चौक पर एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। मृतक युवक निवासी रवि कुमार (34) निवासी जस्सियां रोड स्थित प्रीत विहार कालोनी रिटायर्ड एएसआई जीतराम का बेटा था।
जिस ट्रैक्टर ट्राली से हादसा हुआ, उस पर न तो कोई नंबर लिखा था और न ही उसमें से कोई कागजात बरामद हुए। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन चार और चौकी जगतपुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल गिरफ्त से बाहर है।
चौकी जगतपुरी के इंचार्ज एएसआई हरजीत सिंह ने कहा कि रवि एक निजी कंपनी में काम करता था। सोमवार शाम को वह अपने बाइक पर किसी काम से जा रहा था। ज्वाला सिंह चौक पर एक तेज रफ्तार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली चालक को काबू करने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली चालक नाजायज तौर पर रेत भरकर ले जा रहा था। रास्ते में उसे पुलिस न रोक ले, इसलिए वह तेज चल रहा था। एएसआई हरजीत सिंह ने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि ट्राली पर रेत जायज था या नाजायज। पुलिस आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक का पता लगाने में जुटी हुई है।