महना चौक के रहने वाले भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन वर्मा की कार उस समय में बरनाला में हादसाग्रस्त हो गई जब वे मंगलवार को अपने पूरे परिवार समेत बठिंडा से लुधियाना की ओर जा रहे थे।
इस दौरान राजस्थान रोडवेज की बस के साथ हुई टक्कर में मोहन वर्मा के भाई रामेश वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूर्व अध्यक्ष और उनकी पत्नी मंजू रानी, मृतक की पत्नी स्वर्णा रानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी खुशी गंभीर रूप में घायल हो गए। उनको इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भाजपा के नेेता वरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन वर्मा अपने भाई रामेश वर्मा और परिवार के साथ बठिंडा से वृंदावन जाने के लिए अपनी कार पर रवाना हुए थे। उन्होंने बताया कि मोहन वर्मा ने कार से पहले लुधियाना जाना था। वहां पर गाड़ी खड़ी कर बस के जरिये आगे वृंदावन जाना था। वहीं जब वे बरनाला के पास पहुंचे तो सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस के साथ उनकी कार हादसाग्रस्त हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।