मोती नगर में जीटी रोड पर खड़े युवक ने ग्यासपुरा जाने के लिए एक एक्टिवा चालक से लिफ्ट ली, लेकिन वह लिफ्ट उसे मौत की आगोश में ले गई। शेरपुर चौक के पास एक्टिवा को सेब से लदे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पीछे बैठे युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान राकेश कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर जावेद को काबू कर लिया है। एक्टिवा चालक मोहन लाल पाहवा को मोहनदेई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्यासपुरा निवासी राकेश कुमार (18) अपने दांतों की जांच कराने मोती नगर स्थित बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज गया था। वहां से वापस आने के लिए वह जीटी रोड पर खड़ा था। वहां से उसने एक्टिवा सवार मोहन लाल से लिफ्ट ली। इस्लामगंज निवासी मोहन लाल की ग्यासपुरा में इकाई है और वह दोपहर का खाना ला रहा था। शेरपुर चौक के कुछ ही आगे एक्टिवा को जम्मू से दिल्ली जा रहे सेब से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठे राकेश की मौत हो गई, जबकि मोहन लाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। राकेश के हाथ में पकड़े लिफाफे में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर घर का पता तलाश कर सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। चौकी शेरपुर के जांच अधिकारी दिलबाग सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।