कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई) का लुधियाना फेयर सोमवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल ने फेयर का दौरा किया और सीआईआई के प्रयास की सराहना की।
मित्तल ने कहा कि इस फेयर के जरिए छोटे छोटे कारीगरों को भी अपना माल बेचने का मौका मिला है। उन्होंने साफ किया कि सूबा सरकार उद्योगों को हर तरह की सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्प है। लुधियाना में प्रदर्शनी केंद्र बनाने के लिए भी प्रयास जोरों से किए जा रहे हैं। लुधियाना फेयर में चार दिन के दौरान हजारों लुधियानवियों ने दौरा किया और जमकर शॉपिंग की। सीआईआई के पंजाब काउंसिल चेयरमैन एसएस भोगल ने कहा कि सीआईआई का प्रयास रहेगा कि हर साल इस फेयर का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि फेयर के जरिए लोगों को बाजार में आ रहे आधुनिक उत्पादों से रूबरू होने का अवसर मिला है। इस अवसर पर सीआईआई के पंजाब हैड सुमनप्रीत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।