लुधियाना-दिल्ली रोड स्थित साहनेवाल के नजदीक शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार बोलैरो कार ने फुटपाथ पर जा रहे राहगीर को चपेट में लिया और खेतों में जाकर पलट गई। हादसे में राहगीर अमित कुमार और कार चालक विनोद कुमार की मौत हो गई और बलविंदर सिंह जख्मी हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना साहनेवाल की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद अमित और विनोद के शव वारिसों के हवाले कर दिए।
पुलिस के मुताबिक गांव साहेबाणा विनोद कुमार, बलविंदर और मुन्ना शुक्रवार की शाम नए साल का जश्न बनाकर गांव पायल से लौट रहे थे। साहनेवाल के नजदीक स्पीड अधिक होने की वजह से चालक विनोद का नियंत्रण कार पर से बिगड़ गया। बेकाबू कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां पैदल जा रहे अमित कुमार पर चढ़ गई। बाद में कार सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़कर खेतों में जाकर पलट गई। कार में सवार एक शख्स मुन्ना फरार गया। हादसा होते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल में पहुंचाया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित व विनोद को मृत घोषित कर दिया।
चार महीने पहले लुधियाना आया था अमित
दोस्त अंकुर ने बताया कि अमित के माता-पिता लुधियाना मे रहते हैं। अमित पटियाला में नौकरी करता था। करीब 4 महीने पहले वह लुधियाना आया था और एक कंपनी में मैकेनिकल फिटर का काम कर रहा था। अंकुर के मुताबिक अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे में मिस्त्री का काम करने वाला बलविंदर सिंह भी गंभीर रुप से घायल हुआ है।