बोलेरो सिंबलधार के समीप बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी।
बाड़ेवाल रोड स्थित गुरु नानक होम्योपैथिक कॉलेज से घर जा रहे तीन छात्रों की तेज रफ्तार कार सिधवां नहर में गिर गई। पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह से बचा लिया।
इतना बड़ा हादसा हो गया, लेकिन किसी ने जिला पुलिस को सूचना नहीं दी। जब तक पुलिस को इस बात की सूचना मिली तब तक लोगों ने किसी तरह से कार को भी बाहर निकलवा दिया और पानी में डूबे युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भी पहुंचा दिया।
मृतक की पहचान गांव मोही के रहने वाले गुरिंदरपाल सिंह (25) के रुप में हुई है, जबकि मुल्लांपुर के रहने वाले करण सिंह और उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग इलाके के करण कुमार बाल-बाल बच गए। थाना हैबोवाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना हैबोवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने कहा कि तीनों युवक गुरु नानक होम्योपैथिक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। वीरवार दोपहर कॉलेज खत्म करने के बाद तीनों मुल्लांपुर जा रहे थे। गुरिंदरपाल कार चला रहा था। कार काफी स्पीड में थी। इसी दौरान एक स्पीड ब्रेकर से गुजरते ही कार बेकाबू होकर सीधे नहर में जा गिरी।
युवकों की कार ज्यादा गहराई तक नहीं गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद चाय वालों ने तुरंत नहर में कूद कर करण सिंह और करण कुमार को बाहर निकाल लिया, लेकिन गुरिंदरपाल डूब गया। बाद में किसी तरह उसे भी बाहर निकाल लिया गया। उसे डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने कहा कि अभी तक की जांच में यह सामने आ रहा है कि युवक नशे में थे। उन्होंने कोई नशा किया हुआ था। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।