फाजिल्का। पंजाब पुलिस ने राज्य को नशा मुक्त बनाने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) फाजिल्का ने बीएसएफ के सहयोग से 5.11 किलो हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह, गांव ढाडी कदीम, जलालाबाद के निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस महानिदेशक डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हेरोइन की खेप पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी। इसे आगे राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। डीजीपी ने कहा कि तस्करी नेटवर्क के पीछे अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए गहन जांच जारी है।
एसएसओसी फाजिल्का के एआईजी गुरसेवक सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद जलालाबाद क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान बलजीत सिंह के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल रहा है या नहीं। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी से नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश गया है कि राज्य में उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी है। संवाद