-अबोहर में दिल दहला देने वाली घटना
अबोहर। शुक्रवार दोपहर अबोहर के ढाणी विशेषरनाथ क्षेत्र में कंधवाला रोड से गुजरती नहर के किनारे एक सनसनीखेज और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गांव नाइयांवाली निवासी बलविंद्र नामक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी वीना और दो मासूम बच्चों दो वर्षीय गुरदीप और तीन महीने के शिशु को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उसने खुद भी नहर में छलांग लगा दी।
घटना के समय नहर के पास से गुजर रहे कुछ युवकों ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए नहर में कूदकर पति-पत्नी और दो वर्षीय बच्चे गुरदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तीन महीने का शिशु तेज बहाव में बह गया, जिसका समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लग पाया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बलविंद्र ने पहले पत्नी और बच्चों को नहर में गिराया और फिर स्वयं छलांग लगा दी। वहीं, बाहर निकाले जाने के बाद बलविंद्र ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि उसकी पत्नी और बच्चे फिसलकर नहर में गिरे थे और वह उन्हें बचाने के लिए कूदा था। दूसरी ओर, पत्नी वीना ने रोते हुए बताया कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उसके पति ने ऐसा क्यों किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पति, पत्नी और बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पति-पत्नी को रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। चिकित्सकों के अनुसार दो वर्षीय गुरदीप की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। पुलिस नहर में लापता तीन महीने के शिशु की तलाश के प्रयास कर रही है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। संवाद