बरनाला। बरनाला-बठिंडा मेन हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में तपा के एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना तब हुई जब तपा निवासी नरेश कुमार अपनी पत्नी विशाली और बेटी मायरा (2) के साथ कार से बरनाला से तपा लौट रहे थे।
घटना मंगलवार दोपहर की है, जब उनकी कार बरनाला के घुन्नस ड्रेन के पास एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रोड सेफ्टी फोर्स को सूचित किया। घायलों को सिविल अस्पताल बरनाला पहुंचाया गया, जहां 2 वर्षीय बेटी मायरा की मौत हो गई। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दंपत्ति को प्राथमिक उपचार देने के बाद लुधियाना रेफर कर दिया। रास्ते में पत्नी विशाली ने भी दम तोड़ दिया, जबकि नरेश कुमार का लुधियाना में इलाज जारी है, और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस हादसे से तपा शहर में गहरा शोक छा गया है। संवाद