मलोट (मुक्तसर)। पंजाब यूनिवर्सिटी द्वारा दो माह पूर्व बीएड के घोषित किए गए परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों को न देने पर रविवार को जीजीएस कालेज रथडियां के विद्यार्थियों ने कालेज प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन के निवास समक्ष रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान भड़के विद्यार्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। अधिकतर विद्यार्थी मिडल परिवारों से संबंधित हैं। नतीजा न मिलने कारण न तो आगामी शिक्षा ग्रहण कर पा रहे हैं और न ही नौकरी के लिए फार्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में रविवार को कालेज के चेयरमैन रिंपल मिड्ढा ने कालेज बुलाया था।
इस पर गांवों-शहरों से विद्यार्थी उन्हें मिलने आए, मगर वह नहीं मिले। जब उनसे फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि वह आज नहीं मिल सकते। वह चंडीगढ़ में हैं। इस पर उन्हें मजबूर होकर रोष प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर कालेज का यूनीवर्सिटी से कोई मसला है तो कालेज जल्द हल करे। इस संबंध में जब कालेज के चेयरमैन रिंपल मिड्ढा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह विद्यार्थियों की मुश्किलें समझते हैं और जल्द ही इसका हल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएड की एफिलिएशन एक वर्ष की होती है और हर साल उसकी एक्सटेंशन ली जाती है। इस संबंध में हाईकोर्ट में केस चल रहा है। इसकी सुनवाई 25 सितंबर को है।