लुधियाना। माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज (एमएसएमई) मंत्रालय की कलस्टर डेवलपमेंट स्कीम के तहत बुधवार को जिला उद्योग केंद्र ने आठ औद्योगिक कलस्टरों को तकरीबन 27 लाख रुपये की ग्रांट दी। इसके जरिए कलस्टर में शामिल उद्यमी डीएसआर और सॉफ्ट इंटरवेंशन का काम पूरा करेंगे। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक महेश खन्ना ने इसकी पुष्टि की है।
खन्ना ने बताया कि सॉफ्ट इंटरवेंशन में प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग कलस्टर को 12.32 लाख रुपये और ऑयल मिल मशीनरी कलस्टर को 7.80 लाख रुपये दिए गए हैं। सॉफ्ट इंटरवेंशन के तहत उद्यमियों को अगले 18 माह में उद्यमियों के बीच आत्मविश्वास को बढ़ावा देना, तकनीक अपग्रेडेशन के लिए वर्कशाप और विदेशी मार्केट का जायजा लेने के लिए रकम को खर्च करना होगा।
इसके अलावा वायर ड्राइंग कलस्टर को 1,12,500 रुपये, हैंड टूल्स कलस्टर को 1,25,000 रुपये, बाईसाइकिल कलस्टर को 1,12,500 रुपये, डाइंग कलस्टर को 1,12,500 रुपये, शीट मेटल कलस्टर को 1,12,500 रुपये, ट्रैक्टर पार्ट्स कलस्टर को 1,12,500 रुपये की ग्रांट दी गई है। इस रकम से उद्यमी अपने अपने कलस्टर से संबंधित डायगभनोस्टिक स्टडी रिपोर्ट (डीएसआर) तैयार कराएंगे। जीएम खन्ना ने कहा कि इससे इन उद्योगों में नई जान आएगी। उद्योग घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार की चुनौतियों का मुकाबला करने में सक्षम होंगे।