लुधियाना। शहर में शनिवार को दिनदहाड़े दो कारों के शीशे तोड़कर आठ लाख रुपये चोरी कर लिए गए। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
माडल ग्राम निवासी ठेकेदार नौशाद दोपहर बाद पंजाब डेयरी के नजदीक अपने आकिटेक्ट से मिलने उसके दफ्तर गया। जबकि उसका ड्राईवर कार में ही था। थोड़ी देर बाद सामने मंदिर में लगी टंकी से ड्राईवर पानी पीने के लिए चला गया। इसके बाद जब ड्राईवर वापस आया तो उसने देखा कि कार का शीशा टूटा था और बैग गायब था। बैग में तीन लाख रुपये थे। उसने मोबाइल पर इसकी सूचना ठेके दार को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
दूसरी घटना गिल रोड पर हुई, वहां पर एक कार का शीशा तोड़ कर लुटेरे पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गए। संगरूर निवासी गारमेंट कारोबारी परवीन कुमार अपने बेटे सन्नी और नौकर रवि के साथ गिल रोड पर दिल्ली एल्यूमिनियम स्टोर पर सामान खरीदने पहुंचे। उन्होंने शोरूम के सामने ही अपनी कार को पार्क किया और अंदर चले गए। खरीदारी करने के बाद जब परवीन पेमेंट के लिए गाड़ी से नगदी का बैग लेने गया तो देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और पांच लाख रुपये से भरा बैग गायब था। परवीन का तर्क था कि इतनी नगदी अक्सर उसकी कार में रहती है।
उधर एसीपी क्राइम ध्रुमन निंबले का कहना है कि दोनों ही घटनाओं में एक ही तरीके से कार का शीशा तोड़ कर नगदी चुराई गई है। इससे लग रहा है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गैंग काम कर रहा है। लुटेराें की तलाश की जा रही है।