मोगा। थाना एनआरआई पुलिस ने एक प्रवासी भारतीय के खिलाफ एक युवक को इटली बुलाने के नाम पर दस लाख रुपये ऐंठने के आरोप में केस दर्ज किया है। पीड़ित किसान ने कर्ज उठाकर बेटेे को विदेश भेजने के लिए राशि दी थी।
पुलिस के अनुसार गांव कोट मोहम्मद खां (धर्मकोट) निवासी गुरबचन सिंह ने एसएसपी से शिकायत की थी कि उसने अपने दुबई में रह रहे बेटे भूपिंदर सिंह को इटली भेजने के लिए मूल रूप में गांव मैहरों निवासी इटली में रह रहे सुरजीत सिंह के साथ दो साल पहले सौदा तय किया था। आरोपी एनआरआई सुुरजीत सिंह ने पीड़ित से दो साल पहले दस लाख रुपये की राशि लेकर पीड़ित के बेटे को न तो इटली बुलाया और न ही उसकी राशि वापस की। पीड़ित किसान ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसने अपनी जमीन बैंक के पास गिरवी रखकर साढ़े छह लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसके अलावा साढ़े तीन लाख रुपये आढ़ती से ब्याज पर उठाए थे। आरोपी एनआरआई ने एेंठी राशि वापस करने के लिए टालमटोल करता आ रहा था। उधर, एसएसपी ने इस मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान आरोपी ने टेलीफोन से पुलिस को बताया था कि उसने वसूल की राशि पीड़ित को वापस कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की मां सुरजीत कौर के भी बयान दर्ज किए थे। उसकी मां ने भी धन राशि वापस करने की बात कही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी धन राशि वापस करने संबंधी कोई भी प्रमाण पेश नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने आरोपी एनआरआई सुरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।