लुधियाना। आल पंजाब आंगनवाड़ी मुलाजिम यूनियन के बैनर तले रविवार को पक्खोवाल रोड पर वर्करों ने हजारों की संख्या में इकट्ठा होकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार की मुलाजिम विरोधी नीतियों के खिलाफ जम कर भड़ास निकाली गई। मुलाजिमों ने केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मनीष तिवारी की कोठी पर पहुंच कर उनके नाम का ज्ञापन जिला कांग्रेस प्रधान पवन दीवान को सौंपा। दीवान ने भरोसा दिलाया कि उनका ज्ञापन तिवारी तक पहुंचा कर समस्याओं के हल का प्रयास किया जाएगा।
यूनियन की प्रदेश प्रधान हरगोबिंद कौर ने ज्ञापन में कहा है कि केंद्र सरकार 12वीं पंच वर्षीय योजना में आईसीडीएस स्कीम को मजबूत करने की योजना बनाई है, लेकिन इसमें देश भर के 28 लाख आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों के हितों को दरकिनार किया गया है। वर्करों की मंाग है कि उनकी सेवाओं को आईसीडीएस में तबदील करके रेगुलर किया जाए। वर्करों को दर्जा तीन और हेल्परों को दर्जा चार मुलाजिमों की सुविधाएं दी जाएं। हरगोबिंद कौर ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वर्कर लंबे अर्से से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ढुलमुल नीति के चलते वर्करों में रोष व्याप्त है।