मोगा। पंजाब विधानसभा से इस्तीफा देकर शिअद में शामिल हुए जोगिंदर पाल जैन ने पंजाब वेयर हाउसिंग कारपोरेशन का चेयरमैन बनाए जाने पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का आभार जताया है। जैन का कहना है कि उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की ओर से पंजाब के सर्वपक्षीय विकास के लिए बनाई गई दमदार योजनाओं के चलते वह बिना शर्त शिअद में शामिल हुए हैं। यह अलग बात है कि उनके किरदार और पिछोकड़ को देखते हुए उन्हें चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है ।
जैन ने कहा कि वह कांग्र्रेस से दो बार विधायक बनने से पहले सात साल तक उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के करीबी रहे हैैं। जिन्होंने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए शिअद में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। जिसको उन्होंने लोक हित में स्वीकार कर लिया। जैन ने कहा कि उन पर मौकापरस्त राजनेता होने का आरोप लगाने वाले कथित कांग्र्रेसी नेता पहले अपने गिरेबान में झांके कि किसने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपा है। वह उन जैसे राजनेता नहीं जिनकी कथनी और करनी में फर्क हो।
जैन ने उन पर दर्ज आपराधिक मामलों को विरोधियों की ओर से बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने को घटिया राजनीति बताते हुए कहा कि उन समेत उनके परिवार के खिलाफ थाना मैहना में पुडा एक्ट की अवहेलना के आरोप में मामला दर्ज है। जिसमें सारी गवाहियां हो चुकी हैं। मात्र उनके एक बेटे के विदेश होने के कारण मामला अभी लटका हुआ है, जिसमें वह बरी होंगे। दूसरा मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। जिसमें विभाग की बजाए प्राइवेट शिकायतकर्ता की ओर से की गई शिकायत पर विभाग भी अपील में शामिल हो गया है। जिसकी सुनवाई को ही लगभग पांच-सात साल लग जाने हैं। इसके अतिरिक्त पूरे देश भर में उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। दोनों केसों को रद करवाने में पंजाब सरकार कोई भूमिका अदा नहीं कर सकती। जिससे साबित होता है कि वह बिना दबाव व बिना शर्त के शिअद में शामिल हुए हैैं। लोकहित में पंजाब विधानसभा से इस्तीफा देना उनकी कुर्बानी है। जिसको मात्र पढ़े-लिखे लोग ही समझ सकते है। यह कुर्बानी उन्होंने सुखबीर बादल की दमदार नीतियों के चलते दी है। जैन ने कहा कि उनका किरदार व 25 वर्ष के पिछोकड़ से क्षेत्र वासी भलीभांति परिचित है। ऐसे में वह क्षेत्र वासियों को विश्वास दिलाते हैैं कि वह उनकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जिसके लिए वह पंजाब समेत जिले की समूह शिअद लीडरशिप का सहयोग लेते हुए उनसे पूरा तालमेल करेंगे। शिअद में शामिल होने के बाद ही उन्हें पंजाब वेयर हाउसिंग कारपोरेशन निगम का चेयरमैन बनाए जाने पर समागम आयोजित करने को लेकर जैन का कहना है कि उनके गॉडफादर और क्षेत्र की प्रमुख शख्सियत रहे स्व. गुरमुख सिंह ढिल्लों की शिक्षा के निचले स्तर पर चलकर हम लोगों की अधिक सेवा कर सकते हैैं। ऐसे में वह किसी समागम के आयोजन पर समय लगाने की बजाए लोक सेवा को प्राथमिकता देंगे।