मोगा। कोटकपूरा रोड स्थित कस्बा समालसर के निकट रविवार रात स्कारपियो और इंडिका कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में कोटकपूरा के एक पूर्व पार्षद की हालत चिंताजनक होने पर उसे लुधियाना रेफर किया गया है। एक अन्य सड़क हादसे में बाप-बेटी की मौत हो गई। मृतकों का मथुरा दास सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है।
रविवार देर शाम कस्बा समालसर के निकट स्कारपियो और इंडिका कार की भिड़ंत में इंडिका कार में सवार कोटकपूरा निवासी रूप सिंह (45) एवं जैतो निवासी हरपाल सिंह काला (50) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में घायल कोटकपूरा के पूर्व पार्षद नरेश कुमार की हालत चिंताजनक होने पर उसे लुधियाना रेफर किया गया है और ओमप्रकाश को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्कारपियो गाड़ी चालक गांव लंडे निवासी सुखविंदर सिंह को भी चोटें लगी। इस हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। थाना समालसर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
इसके अलावा लाल सिंह रोड पर हादसे में गांव रोडे निवासी तरसेम सिंह व उसकी छह साल की बेटी अमनदीप कौर की ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक अपनी पत्नी मनदीप कौर व छोटी तीन बेटियों सुखदीप कौर व प्रभदीप कौर के साथ स्कूटर पर अपने गांव रोडे जा रहा था। कोटकपूरा बाईपास पर पहुंचने पर उनका स्कूटर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया और तरसेम सिंह व उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।