लुधियाना। इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल, एक्सपोर्ट्स, मेडिकल उपकरण, रियल एस्टेट और फिटनेस/स्पोर्ट्स उपकरणों में व्यापारिक रुचियों के साथ भारत के अग्रगामी बिजनेस समूह हीरो ईको ने शुक्रवार को ‘क्रॉस’ ब्रांड भारतीय बाजार में उतारा। हीरो ईको की तरफ से पहले चरण में साइकिल ब्रांड में 14 माडलों को पेश किया गया है।
होटल में आयोजित समारोह के दौरान हीरो ईको के ग्रुप चेयरमैन विजय मुंजाल द्वारा क्रॉस ब्रांड के अंतर्गत 14 साइकिल मॉडलों की प्रारंभिक श्रृंखला का अनावरण किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक इस ब्रांड को यूरोपियन बाजार में पेश किया जा रहा है, भारतीय लोगों की दिलचस्पी के देखते हुए इसे पहली बार भारतीय बाजार में उतारा गया है। इसे तैयार करते समय प्रत्येक आयु वर्ग और ग्राहक की जेब का ध्यान रखा गया है।
मुंजाल ने बताया कि हीरो की स्थापना उनके पिता स्व. दयानंद मुंजाल द्वारा 1956 में विश्व स्तर के उत्पादों का निर्माण करने और हमारे कार्यक्षेत्र में हर उत्पाद श्रेणी में ग्राहकों की पसंद के उत्पाद निर्मित करने के लिए की गई थी। आज उन्हें घरेलू बाजार में हीरों ईको के नए ब्रांड का निर्माण करने पर गर्व महसूस हो रहा है। इससे हमें विकसित होते शिक्षित भारतीय ग्राहक को विश्व स्तर के उत्पाद प्रस्तुत करने का मौका मिला है और मुझे विश्वास है कि हमारे द्वारा ग्राहकों को प्रस्तुत की जाने वाली क्वालिटी और सेवाओं के साथ क्रॉस भविष्य में अपने लिए एक अलग जगह बना लेगा।
हीरो ईको के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन मुंजाल ने बताया कि भारत में क्रॉस साइकिलों का लांच अंतरराष्ट्रीय क्वालिटी की साइकिलों से प्रेरित है, जो हम सालों से निर्मित और निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रॉस साइकिलों के साथ हम अगले पांच सालों के समय में लगभग 8 फीसदी बाजार अंश का लक्ष्य बना रहे हैं।
लांच पर हीरो ईको के ग्रुप एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव मुंजाल ने बताया कि विश्वभर में साइकिलों के सबसे बड़े निर्यातकों में वह एक हैं। इसलिए हमने समान प्रोडक्ट क्वालिटी स्तरों और विशेषताओं से युक्त क्रॉस साइकिल लांच किया है। उन्होंने आगे कहा कि अगले 5 सालों में साइकिल निर्माण के लिए 100 करोड़ से अधिक का निवेश करने की योजना बना रहे हैं। वर्तमान में क्रॉस साइकिल किड्स, टीनेज और यूथ सेगमेंट में 14 मॉडलों में उपलब्ध होंगी और अगले 2 सालों में इसके उत्पाद पोर्टफोलियो में 25 से 30 मॉडल और जुड़ जाएंगे। क्रॉस श्रृंखला की साइकिल के लिए पंजाब, चंडीगढ़, जेएंडके, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान और दिल्ली में 150 डीलरों पर उपलब्ध होंगी। हीरो ईको का लक्ष्य वार्षिक 150 से 200 आउटलेट जोड़कर क्रॉस वितरण नेटवर्क को मजबूत बनाना है।