मुक्तसर। राशन डिपुओं के जरिए गरीबों को दी जाने वाली चीनी की नौ बोरियों को थाना सदर पुलिस द्वारा गांव चक्क बीड़ सरकार स्थित एक करियाना की दुक ान से बरामद करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना सदर पुलिस ने खूफिया विभाग की गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के तहत यह चीनी बरामद की।
मंगलवार की सुबह थाना सदर पुलिस को खुफिया विभाग से सूचना मिली कि गांव चक्क बीड़ सरकार में ट्विंकल नामक एक व्यक्ति की करियाना की दुकान पर राशन डिपुओं की चीनी उतर रही है। जिस पर तुरंत एएसआई इकबाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने उक्त दुकान पर छापेमारी कर मौके पर ट्रैक्टर-ट्राली से उतारी जा रही चीनी की नौ बोरियों को ट्रैक्टर-ट्राली समेत कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में ट्विंकल पुत्र कश्मीर सिंह के अलावा इसी गांव के निवासी दयाल सिंह पुत्र किरपाल सिंह के खिलाफ धारा 7ईसी और अमानत में ख्यानत करने का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि टविंकल ने यह चीनी दियाल सिंह को बेच भी दी थी। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैैं। जिन्हें शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा। करियाना दुकानदार टविंकल के पास राशन डिपो न होने के बावजूद चीनी के उसकी दुकान पर पहुंचने संबंधी उनका कहना था कि यह बात जांच के बाद ही सामने आ पाएगी कि किन डिपो होल्डरों के जरिए उसकी दुकान तक यह चीनी पहुंची। उधर, बताया जाता है कि यह चीनी सुबह मिनी सचिवालय के सामने स्थित पनसप के गोदाम से तीन डिपो होल्डरों को रिलीज की गई थी। जिसे एक ही ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर गोदाम से बाहर लाया गया था।