रक्तदान के लिए लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
अमर उजाला फाउंडेशन और फर्स्ट एड फर्स्ट विंग का कैंप आज
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। रक्तदान करने में सूबे में नंबर वन माने जाने वाले बठिंडा में लगातार लोगों की ओर से रक्तदान कैंप के जरिये रक्त दिया जाता है, ताकि समय सिर इमरजेंसी में काम आ सकें और जरूरतमंद मरीज की जान बच सकें। इसी कड़ी के तहत जिले के गांव मछाना में शुक्रवार को फर्स्ट एड फर्स्ट विंग युनाइटेड वेलफेयर सोसाइटी और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मेडिकल प्रेक्टिशनर ब्लाक संगत के सहयोग से रक्तदान कैंप लगाया जा रहा है। इसके मद्देनजर रक्तदान करने वाले युवाओं व अन्य वर्ग के कई रक्तदानियों ने वीरवार को अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इसके अलावा जो भी रक्तदानी सज्जन रक्तदान करना चाहते हैं वह शुक्रवार को भी रजिस्ट्रेशन करवाकर रक्तदान कर सकते हैं।
इस संबंध में युनाइटेड वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विजय भट्ट ने बताया कि मछाना में लगने वाले इस रक्तदान कैंप को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। जिसके चलते कई युवाओं ने तो रक्तदान कैंप से एक दिन पहले ही कैंप में रक्त देने के लिए अपनी रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से किसी तरह की कोई कमजोरी नहीं आती और कैंप के दौरान रक्तदान करने वाले दानी सज्जनों को जरूरी खुराक मुहैया कराई जाती है। भट्ट ने बताया कि तीन जून को जिले के गांव कोटशमीर में भी रक्तदान कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिस के लिए रक्तदान के लिए लोग रजिस्ट्रेशन सोसाइटी के पास करा सकते हैं।