शहर की बिजली व्यवस्था का होगा कायाकल्प: बिट्टू
सरकार ने बिजली ढांचे को दुरुस्त करने 64.82 करोड़ रुपये किए जारी
प्रोजेक्ट से साथ उद्योगों और घरेलू खपतकारों को मिलेगा बड़ा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। लोकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया राज्य के औद्योगिक शहर लुधियाना की बिजली संचार और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने सरकार ने 64.82 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। सांसद की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड फोकल प्वाइंट और औद्योगिक क्षेत्रों की पूरी बिजली व्यवस्था में सुधार करेगी।
उन्होंने बताया यह प्रोजेक्ट सितंबर में शुरू हो जाएगा और लगभग डेढ़ साल में पूरा होगा। इस प्रोजेक्ट को अमली जामा पहनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। बिट्टू ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड की पांच सब डिविजनों ( लुधियाना सिटी वेस्ट, सीएमसी, फोकल प्वाइंट, अर्बन अस्टेट और सुंदर नगर) के 417 फीडरों की बिजली वितरण और संचार व्यवस्था का पुख्ता की जानी है। इस राशि के साथ 163.22 किलोमीटर लो टेंशनं, 626. 66 किलोमीटर हाई टेंशन लाइन बदलकर नई डाली जाएंगी, इसके अलावा 1197 हाई टेंशन कनेक्शन भी दोबारा किए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को भारी लाभ होगा।
बिट्टू ने कहा कि यह प्रोजेक्ट मुकम्मल होने से औद्योगिक शहर की बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। इस के अलावा वोल्टेज कम या ज्यादा और समय समय पर कट लगने की समस्या से काफी छुटकारा मिलेगा। इस के साथ ही इससे शाट सर्किट और बिजली से होने वाली दुर्घटनाएं भी बड़े स्तर पर कम हो जाएंगी।
बिट्टू ने कहा कि पिछले सालों के मुकाबले इस बार हर वर्ग के खपतकारों को पावर कारपोरेशन की तरफ से बढ़िया निर्बाध बिजली सप्लाई मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने फिर दोहराया कि राज्य में बिजली की कमी नहीं है। सरकार ने उद्योगों को फिर से पैरों के बल खड़ा करने के लिए जहां 5 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब के साथ बिजली देने का वादा निभाया है, वहीं छोटे उद्योगों को भी और अधिक सुविधाओं का लाभ दिलाने का वादा पूरा किया जाएगा।