भारी बारिश से ड्रेन टूटी, 200 एकड़ फसल पानी में डूबी
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा (लुधियाना)। बारिश से गांव जलालदीवाल व रामगढ़ सिविया के छह किसानों के लिए बारिश आफत बनकर आई। बारिश के कारण ड्रेन टूटने से किसानों की 200 एकड़ फसल पानी में डूब गई।
जानकारी के मुताबिक गांव रामगढ़ सिविया व जलालदीवाल के रास्ते में जाती ड्रेन मंगलवार को बारिश के चलते टूट गई। ड्रेन टूटने का कारण सफाई ना होना बताया जा रहा है। इससे गार व मिट्टी पाइपों में फंसी रही और पानी की निकासी ना होने से बने ज्यादा प्रेशर ने बांध तोड़ दिया। ड्रेन टूटने से सारा पानी किसान इंद्रपाल सिंह, हरमीत सिंह गोगी, रविन्द्र सिंह, हरमीत सिंह के खेतों में घुस गया। इससे उनकी फसल पानी में डूबकर खराब हो गई। किसानों के मुताबिक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। किसानों ने खुद ही पानी को रोकने के लिए भारी बारिश में ड्रेन के टूटे हुए बांध को दोबारा से मिट्टी डालकर जोड़ा। विभाग के एसडीओ विजय कुमार ने फोन पर बताया कि ड्रेन टूटने की जानकारी उन्हें नहीं मिली थी। जब उन्हें सूचना मिली तो तुरंत कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।