500 एकड़ खेतों में भरा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
रायकोट। रामगढ़ सिविंया से जलालदीवाल को जाने वाली सड़क पर ड्रेन में दरार पड़ने से नजदीकी गांवों रामगढ़ सिविंया, जलालदीवाल, धूरकोट, नत्थोवाल व शाहजहानपुर की 500 एकड़ फसल पानी में डूब गई। किसान कमलजीत सिंह, इंद्रपाल सिंह, हरमीत सिंह गोगी व रविंदर सिंह ने बताया कि ड्रेन में पीछे से अधिक पानी आने व भारी वर्षा ने समस्या को और बढ़ा दिया है। ड्रेन में वनस्पति भरी हुई है। कई स्थानों पर वृक्ष गिरे पड़े हैं। इस कारण पानी आगे नहीं जा पा रहा है। ड्रेन में पड़ी इस दरार को दूसरा दिन हो गया है लेकिन कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। एसडीएम हिमांशु गुप्ता का कहना है कि इस बारे में ड्रेन विभाग के एसडीओ को उन्होंने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। तुरंत जेसीबी मशीनों की सहायता से ड्रेन में पड़ी दरार को बंद किया जाएगा।