टूटी सड़कों पर भड़के लोगों ने किया प्रदर्शन
नगर काउंसिल पहुंचे लोगों ने ईओ की खाली कुर्सी को सौंपा मांगपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। जगरांव की टूटी सड़कों को लेकर नगर काउंसिल पहुंचे लोगों ने जोरदार हंगामा किया। ईओ और अन्य अधिकारियों के दफ्तर में न होने पर गुस्से में आए लोगों ने ईओ की खाली कुर्सी को मांग पत्र दिया। साथ ही प्रधान के दफ्तर में प्रधान को सड़कें न बनाने पर घेर लिया और उन्हें खरी खरी सुनाई।
सोमवार सुबह जगरांव के कच्चा मलक रोड की टूटी सड़कों को लेकर बड़ी संख्या में लोग नगर काउंसिल दफ्तर पहुंचे। इस दौरान वहां ईओ सहित कोई भी अधिकारी नहीं था। इस पर उन्होंने नगर काउंसिल प्रधान चरणजीत कौर कल्याण के दफ्तर पहुंच सड़क की बेकार हालत का जिक्र करते प्रधान और अन्य पार्षदों को घेर लिया। लोगों ने कहा कि अगर वह काम नहीं कर सकते तो इस्तीफे देकर अपने घरों में ही बैठ जाएं।
लोगों ने कच्चे मलक रोड की बुरी हालात का जिक्र करते कहा कि रोज लोग सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद काउंसिल में बैठे लोगों की समस्या सुनने के बजाय भाग रहे है। इंकलाबी केंद्र पंजाब के कंवलजीत खन्ना की अगुवाई में लोगों ने यह कहा कि वोट के समय खुद को ईमानदार बताने वाले, दिन रात सेवा की बातें करने वाले जीतने के बाद सब कुछ भूल गए। लोगों के प्रदर्शन के बाद काउंसिल प्रधान ने लोगों को भरोसा दिया कि डेढ़ महीने के अंदर अंदर इस सड़क को फिर बनाया जाएगा। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर सड़क न बनी तो नगर काउंसिल के सामने जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
छुट्टी के बाद महीने और सप्ताह के पहले दिन ही 11 बजे तक ईओ, एसओ और अन्य अधिकारियों के दफ्तर न पहुंचने पर जहां लोगों ने तीखा रोष प्रदर्शन किया, वहीं दफ्तर के स्टाफ ने ही रोज ऐसे ही दफ्तरों में अधिकारियों के न आने की बात कही। जिस कारण लोगों ने ईओ के दफ्तर में उनकी खाली कुर्सी को मांग पत्र सौंपा।