सभी धर्मों के लोग होंगे रोष मार्च में शामिल : विधायक बैंस
आम आदमी पार्टी और अकाली दल से इस्तीफा देने वाले नेताओं को रोष मार्च में शामिल होने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बेअदबी और गोलीकांड के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर ऑल पार्टी की तरफ से कोटकपूरा और बरगाड़ी में सात अक्तूबर को रोष मार्च निकाला जा रहा है। इसकी तैयारियों के लिए सोमवार को लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और विधायक बलविंदर सिंह बैंस ने प्रेस कांफ्रेंस की।
इस दौरान विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने दावा किया कि इस रोष मार्च में सभी धर्मों के लोग और जत्थेबंदियां शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सिख जत्थेबंदियां, शिरोमणि कमेटी के सदस्य, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियां, सुखमणी साहिब कमेटियों के साथ साथ मंदिर कमेटियां, मुस्लिम जत्थेबंदियां और ईसाई जत्थेबंदियों के नेता भी शामिल होंगे। उन्होने इस दौरान आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल से इस्तीफा देने वाले नेताओं को कहा कि वह भी इस रोष मार्च में शामिल हो। यह रोष मार्च पहले कोटकपूरा से शुरू होना था जहां पुलिस ने लोगों पर गोलियां चलाई थी। अब इस स्थान को बदल कर कोटकपूरा की दाना मंडी कर दिया गया है। यह रोष मार्च तीस किलोमीटर संगत सतनाम श्री वाहेगुरु का जाप करते हुए निकालेंगे। इस मौके पर जसविंदर सिंह खालसा, सुरिंदर सिंह गरेवाल, गुरप्रीत सिंह खुराना और वरिंदर कुमार रिंकू हाजिर थे।