कमिश्नर की अगुवाई में सड़कों पर उतरी पुलिस
भारत बंद के ऐलान के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
दलित समाज के सोमवार को भारत बंद के ऐलान के दौरान किसी तरह की कोई अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस कमिश्नर सहित महानगर की पूरी पुलिस फोर्स सड़कों पर उतर चुकी है। इसके अलावा पुलिस ने सुरक्षा के लिए टीमें भी विशेष टीमें बनाई हैं, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस कमिश्नर आरएन ढोके, डिप्टी कमिश्नर प्रदीप अग्रवाल, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अश्वनी कपूर, डीसीपी क्राइम गगनअजीत सिंह सहित कई आलाधिकारियों ने जालंधर बाईपास से फ्लैग मार्च शुरू किया। फ्लैग मार्च सलेम टाबरी के इलाके से होते हुए घंटाघर और विश्वकर्मा चौक, डुगरी से होते हुए फिरोजपुर रोड पर पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध इलाकों का दौरा भी किया।
पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को अपने इलाकों में सचेत रहने के लिए आदेश जारी किए। इस दौरान सुरक्षा के लिए आई कंपनियों को भी आदेश जारी किए। पुलिस ने वहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे हैं, जहां दलित समाज के लोगों ने प्रदर्शन करना है। पुलिस अधिकारियों ने दलित समाज के लोगों से अपील की है कि वह शांतिपूर्वक प्रदर्शन करें, ताकि आपसी भाईचारा न खराब हो सके। पुलिस कमिश्नर ने बताया कहा कि शरारती तत्वों पर खास नजर रहेगी ताकि कोई माहौल खराब न कर सके।