ओरिएंटल बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम
पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
चीमा चौक स्थित ओरिएंटल बैंक आफ कॉमर्स की शाखा में चोरी करने गए चोर योजना में नाकाम रहे। वह बैंक की पिछली दीवार से अंदर घुसे। चोर बैंक की सेफ तक पहुंच गए, लेकिन उसे काट नहीं सके। मंगलवार सुबह जब तीन दिन की छुट्टी के बाद बैंक खुला तो अंदर की स्थिति देखकर मुलाजिम हैरान रह गए, गनीमत रही कि कैश सुरक्षित था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इसकी जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि लुटेरे बैंक के अंदर काफी देर तक रहे। वह लगातार स्ट्रांग रूम तोड़ने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मंगलवार की सुबह जब सफाई कर्मचारी विकास कुमार बैंक पहुंचा तो उसने बैंक प्रबंधक को इसकी सूचना दी। बैंक जनकपुरी पुलिस चौकी से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर है। माना जा रहा है कि लुटेरे बैंक परिसर में 23 दिसंबर की रात को घुसे। उन्होंने तुरंत ही सायरन एवं सीसीटीवी का कनेक्शन काट दिया। थाना डिविजन नंबर छह के प्रभारी दविंदर सिंह का कहना है कि लुटेरे बैंक की पीछे वाली दीवार में छेद कर अंदर घुसे और उन्होंने सीसीटीवी को बंद कर दिया। उन्होंने इलेक्ट्रिक कटर के जरिये स्ट्रांग रूम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे। फिर वे नजदीक की हार्डवेयर की दुकान में छेद कर अंदर गए। वहां से गैस सिलेंडर और गैस कटर लाए। बैंक प्रबंधक एसएम टंडन का कहना है कि गनीमत है कि लुटेरे अपने मकसद में कामयाब नहीं हुए। लेकिन वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने पूरी रेकी की थी।
.