शराब ठेका हटवाने के लिए प्रदर्शन
तहसीलदार ने सोमवार तक ठेके की जगह बदलने का दिलाया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। भवानीगढ़ के नजदीकी गांव मुंशीवाला में शराब ठेके के विरोध में गांववासियों ने रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने शराब ठेके को यहां से उठाने की मांग की। प्रदर्शन में महिलाएं भी काफी तादाद में मौजूद थीं।
नौजवान भारत सभा के नेता प्रगट सिंह कालाधझाड़, अमृतपाल सिंह, कुलवीर सिंह, आम आदमी पार्टी के बलाक अध्यक्ष गुरदीप सिंह और हरभजन सिंह ने कहा कि नशे खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई कैप्टन सरकार के कार्यकाल में ही गांवों में तेजी से शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। सरकार नशे कम करने की बजाएबढ़ावा दे रही है। महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब का ठेका खुलने से ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है। इसके अलावा शराब पीने वालों की तादाद भी बढ़ती जा रही है। गांव की महिलाएं किसी भी सूरत में इस शराब के ठेके को यहां रहने नहीं देंगी, इसके लिए चाहे उन्हें तीखा संघर्ष क्यों न करना पड़े। मौके पर पहुंचे भवानीगढ़ के तहसीलदार परमजीत जिंदल ने गांववासियों को भरोसा दिलाया कि सोमवार तक शराब ठेके की जगह को बदल दिया जाएगा। उन्होंने मौके परखुले शराब के ठेके को भी बंद करवा दिया। इस मौके पर एक्साइज विभाग के अधिकारी परमिंदरसिंह, थाना प्रभारी प्रितपाल सिंह, चौकी इंचार्ज गीता रानी मौजूद थीं।