ओलावृष्टि से बर्बाद फसल का मांगा मुआवजा
किसानों ने डीसी दफ्तर के सामने लगाया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने की मांग को लेकर शुक्रवार भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के नेतृत्व में किसानों ने डीसी दफ्तर के सामने रोष धरना लगाया। प्रदर्शनकारी किसानों ने प्रति एकड़ पचास हजार रुपये का मुआवजा देने की आवाज बुलंद की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर संघर्ष और तेज कर दिया जाएगा।
धरने का नेतृत्व करते यूनियन के जिलाध्यक्ष अमरीक सिंह गंढूआं ने की किया। उन्होने गत दिनों हुई ओलावृष्टि के कारण मालेरकोटला ब्लाक के गांव संदौड़, माणकी खुर्द, पंजगराइयां सहित अन्य कई गांवों में किसानों की गेहूं, हरा चारा और सब्जियां पूरी तरह से तबाह हो गई हैं। विभाग और प्रशासन ओलावृष्टि की वजह से 3200 एकड़ के करीब नुकसान बता रहा है। उन्होंने कहा हकीकत में 45 सौ एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हुई हैं। उन्होंने मांग की कि फसलों की गिरदावरी करके पीड़ित किसानों को प्रति एकड़ पचास हजार रुपये मुआवजा तुरंत दिया जाए। यदि ऐसा न हुआ तो किसान संघर्ष को तेज कर देंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी को मांगपत्र भी सौंपा। इस मौके पर यूनियन के जिला सचिव दरबारा सिंह छाजला, जगतार सिंह कालाझाड़, मनजीत सिंह, गुरविंदर सिंह मंगवाल, धर्मेन्द्र सिंह पिशौर, बहादर सिंह भुटालखुर्द, बलजिंदर सिंह हथन, रामशरण सिंहउग्राहां, जसवंत सिंहतोलावाल, दर्शन सिंह शादीहरी मौजूद थे।