तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौत
बुलेट सवार और कार को 30 फुट तक ले गया घसीटते हुए
पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार, कब्जे में लिया ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
फिरोजपुर रोड पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। इससे बाइक सवार राजेश कुमार (40) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक चालक ने रोड क्रॉस कर रहे बुलेट सवार और कार को भी चपेट में ले लिया। ट्रक दोनों वाहनों को करीब तीस फुट तक घसीटता ले गया। दुर्घटना में बाइक सवार सुमित सिंगल (33) बाल-बाल बच गया। कार चालक ने किसी तरह गाड़ी को बचाकर ट्रक चालक को रोका और उसे पकड़ लिया। आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पीटा। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिरोजपुर रोड पर मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे पशु खुराक से भरा ट्रक लुधियाना से मोगा की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक भाई रणधीर सिंह नगर के पास पहुंचा वहां से गुजर रहे बाइक सवार राजेश कुमार को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान सुमित अपने बाइक पर जा रहा था तो ट्रक ने उसे और पास से गुजर रही एक कार को भी चपेट में ले लिया और काफी दूर तक उन्हें घसीटता ले गया। हादसे में वह बाल-बाल बच गए। स्विफ्ट कार चालक मोहब्बत पाल सिंह ने किसी तरह ट्रक चालक को पकड़ा। लोगों ने गड़वासु में काम करने वाले सुमित को पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
राजेश कुमार, घुमारमंडी का रहने वाला है। घुमारमंडी में ही उसकी कुमार रेफ्रिजरेटर के नाम से रिपेयरिंग का काम है। मंगलवार सुबह वह घर से पहले दुकान पर गया। फिर दुकान से बीआरएस नगर किसी काम से गया। दुकान पर लौटते समय हादसा हो गया। उधर, स्विफ्ट कार चालक मोहब्बीत पाल सिंह का कहना है कि वह अमृतसर का रहने वाला है। वह किसी काम से राजगुरु नगर आया था। सड़क क्रास करते समय हादसा हो गया।
थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर सुमित सूद का कहना है कि ट्रक कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।