‘मोदी सरकार की भी पोल खोलें अकाली’
विधायक काका रणदीप सिंह ने अकाली दल पर किया पलटवार
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब/ अमलोह।
हलका अमलोह के विधायक काका रणदीप सिंह ने कहा है कि अकाली दल को कांग्रेस के खिलाफ कीं जा रही पोल खोल रैलियां मोदी सरकार के विरुद्ध भी करनी चाहिए, जो देश को जातिवाद के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में 70 प्रतिशत योगदान डालने वाले पंजाब के किसानों की और ध्यान नहीं दे रही।
अमलोह में हुई पोल खोल रैली बारे विधायक ने कहा कि अकालियों ने लोगों को यह कहकर गुमराह किया गया कि कांग्रेस सरकार में उद्योगों को काफी नुकसान हुआ है, जब कि खुद मंडी गोबिंदगढ़ के उद्योगपतियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात को माना है कि कैप्टन सरकार से 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली देने के बाद बड़ा आर्थिक सहारा मिला है। इससे विधायक ने हलके के गांव नरायणगढ़ और घुल्लूमाजरा में सरकारी गेहूं बांटने की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को 2 रुपये किलो गेहूं मुहैया करवाने के साथ-साथ अगले साल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा बिल के स्मार्ट कार्ड धारकों को चीनी और चाय पत्ती भी बांटी जाएगी।
विधायक ने कहा कि कैप्टन सरकार सभी जनकल्याणकारी स्कीमों का लाभ लोगों को घर बैठे देगी ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों में परेशान न होना पड़े। चुनाव दौरान किए गए गए वादे पूरे किए जा रहे हैं। किसानी कर्ज माफी, बेरोजगारों के लिए रोजगार मेले, बेघर लोगों को 5-5 मरले के प्लाट देने की शुरुआत भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हलके के लोगों की मुश्किलों का मौके पर ही हल करने के लिए प्रत्येक महीने अमलोह और मंडी गोबिंदगढ़ में लोक दरबार लगाए जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम जसप्रीत सिंह, बीडीपीओ बलजीत सिंह सोही, जसमीत सिंह राजा, डॉ. मनमोहन कौशल, राजिदर सिंह बिट्टू, राम कृष्ण भल्ला, संजीव दत्त, जोगिंदर सिंह नरायणगढ़ मौजूद थे।