फैब्रिक इकाई में आग, कपड़ा, मशीनरी जली
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
काकोवाल रोड स्थित बुधवार की दोपहर फैब्रिक बनाने वाली इकाई वासु क्रिएशंस में अचानक आग लग गई। इकाई में कपड़े का स्टॉक होने के चलते आग तेजी से फैली और पूरी इकाई चपेट में आ गई। फायर कर्मियों ने देर शाम आग पर काबू पाया।
माना जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट से लगी, अभी इसकी जांच की जा रही है। आग से इकाई की बिल्डिंग में दरार आ गई हैं। इस घटना में लाखों का बच्चा एवं तैयार माल, कुछ दोपहिया वाहन और मशीनरी जल गई। किसी भी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। इकाई में लंच के बाद वर्कर अपने काम में जुटे ही थे कि तीसरी मंजिल पर आग की लपटें दिखाई दीं। धुआं देखते ही लोगों ने शोर मचा दिया और वक्त रहते सभी वर्कर इकाई से बाहर आ गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाना शुरू किया। देर शाम तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया था। एहतियातन आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया। एडिशनल डिवीजनल फायर अफसर बीएस सिद्धू ने बताया आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया आग से कपड़ा, मशीनरी और अन्य उपकरण जल गए हैं।