थाना डेहलो पुलिस ने पड़ोसी राज्य राजस्थान से नशे की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी लुधियाना और तीन राजस्थान के हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे के नशीली दवा की करीब एक लाख शीशियां बरामद की हैं।
पुलिस ने पहले प्रीत नगर निवासी रंजीत सिंह उर्फ रिंकू और गांव नंदपुर निवासी दमनप्रीत सिंह उर्फ प्रैटी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से 22 हजार नशीली गोलियों के साथ साथ शीशियां भी बरामद कीं। थाना डेहलो पुलिस ने अदालत से दोनों आरोपियों का रिमांड हासिल किया। रिमांड में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने साथियों के नाम बताए। इस पर राजस्थान के अलवर निवासी अर्जुन देव व गुलशन कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनसे भी भारी मात्रा में नशा मिला। दोनो से पूछताछ के बाद एक और साथी प्रेम रत्न को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। उससे भी नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल के अनुसार थाना डेहलो पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रिंकू और प्रैटी नशा सप्लाई करते हैं और दोनों स्विफ्ट डिजायर पर सवार होकर नशीली दवाइयां सप्लाई करने के लिए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों के तार राजस्थान से जुड़े हैं। इस पर वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तो आगे और भी लिंक मिल गया। इसके बाद पुलिस ने जयपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 830 कार्टून में नशीली दवा की 99600 शीशियां बरामद हुई हैं।