अब दूसरे साल के सीधे प्रवेश में भी होगी फीस माफ
60 प्रतिशत से और ज्यादा अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की होगी फीस माफ
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पंजाब सरकार की तरफ से होनहार विद्यार्थियों को मानक और सस्ती तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए ’मुख्य मंत्री वजीफा योजना’ शुरू की हुई है। इस स्कीम का लाभ राज्य के सभी सरकारी पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग, महाराजा रणजीत सिंह यूनिवर्सिटी और पीटीयू के विद्यार्थियों को मिल रहा है। पंजाब सरकार की तरफ से लिए फैसले के अनुसार अब दूसरे साल के सीधे दाखिले में भी फीस माफ हुआ करेगी।
डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस स्कीम के अधीन पंजाब के नौजवानों के 10वीं कक्षा में प्राप्त किए गए अंक प्रतिशत अनुसार ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। उन्होंने बताया कि 60 से 70 प्रतिशत अंकों वाले विद्यार्थियों की 70 प्रतिशत फीस माफ होगी, 70 से 80 प्रतिशत वालों की 80 प्रतिशत, 80 से 90 प्रतिशत वालों की 90 प्रतिशत और 90 से 100 प्रतिशत अंक हासिल करने वालों की पूरी फीस माफ होगी।
इस स्कीम के लागू होने से राज्य के गरीब और होनहार विद्यार्थियों को लगभग मुफ्त तकनीकी शिक्षा हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं। इस योजना का लाभ पंजाब के उन नागरिकों को ही मिलेगा, जिनके पास पंजाब का मूल निवास प्रमाण पत्र होगा। उन्होंने बताया कि इस स्कीम को लागू करने से राज्य के गरीब और जरूरतमंद होनहार विद्यार्थियों को मानक और सस्ती तकनीकी शिक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
अग्रवाल ने बताया कि जिला लुधियाना के एकमात्र सरकारी बहु तकनीकी कालेज (लड़कियां) में इलेक्ट्रानिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान इंजीनियरिंग, इन्नफोर्मेशन टेकनॉलॉजी, गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग टैकनॉलॉजी, फैशन डिजाइन और डिप्लोमा इन माडर्न आफिस प्रैक्टिस (सभी तीन साला डिप्लोमा पाठ्यक्रम) में दाखिला लेने के लिए छात्राएं संपर्क कर सकतीं हैं। सरकारी बहु तकनीकी कालेज (गर्ल्स), लुधियाना में पंजाब सरकार की अन्य योजनाएं भी लागू हैं, जिनका योग्य छात्राओं को लाभ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ सरकारी बहु तकनीकी कालेजों में ही चल रही है, जिसका योग्य विद्यार्थियों को भरपूर लाभ लेना चाहिए। इस योजना के अंतर्गत प्रवेश लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू है। दाखिले संबंधित जानकारी देने के लिए कालेज में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है।