फैक्टरी में ब्लास्ट, वैल्डर की मौत
गैस कटर से ग्रीस के ढोल को काटते समय हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। जिले के गांव जीदा के समीप स्थित एक फैक्टरी में ग्रीस के ढोल को गैस कटर से काटते समय बलास्ट हो गया। जिसकी चपेट में आने से वैल्डर भोला यादव की मौके पर मौत हो गई। घटना के समय भोला यादव अकेला ही काम कर रहा था और उसके आसपास कोई नहीं था। घटना की सूचना मिलने पर थाना नेहियांवाला पुलिस और फैक्टरी प्रबंधक मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार गांव जीदा के समीप स्थित सपोर्टकिंग फैक्टरी में वीरवार सुबह भोला यादव नामक व्यक्ति ग्रीस के एक ढोल को गैस कटर से काट रहा था कि अचानक ढोल में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना भयंकर था कि भोला यादव के सिर का कुछ हिस्सा शरीर से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ब्लास्ट की आवाज सुनते ही फैक्टरी प्रबंधक मौके पर पहुंचे और थाना नेहियांवाला पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची थाना नेहियांवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे सिविल अस्पताल बठिंडा पहुंचाया।
थाना नेहियांवाला प्रभारी इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक वैल्डर भोला यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भेज दिया और उसके परिवार को सूचित कर दिया है। मृतक के परिजनों के बयान पर ही अगली कार्रवाई शुरू की जाएगी ।