गिल चौक फ्लाईओवर वाहनों के लिए खुला
अभी हल्के वाहनों को अनुमति, भारी वाहन अगले सप्ताह से जा सकेंगे
68 दिन पहले गिरा था फ्लाईओवर, निगम ने चूहों को बताया था जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गिल रोड फ्लाईओवर गिरने के 68 दिन बाद वीरवार को लोगों के लिए दोबारा से खोल दिया गया। अभी सिर्फ छोटे वाहनों के लिए इसे खोला गया है। अगले सप्ताह बड़े वाहनों भी यहां से गुजर सकेंगे। पुल पर आवाजाही की शुरुआत मेयर बलकार सिंह संधू ने करवाई। इस मौके पर उनके साथ पार्षद ममता आशु और सीनियर कांग्रेसी नेता कमलजीत सिंह कड़वल मौजूद थे।
मेयर बलकार सिंह संधू ने कहा कि इस पुल को जरूरी मरम्मत के लिए बंद किया गया था। मरम्मत कार्य काफी तेजी से करवाया जा रहा था ताकि जल्दी से जल्दी यह पुल लोगों के लिए खोला जा सके। यह कार्य सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु, कमलजीत सिंह कड़वल और निगम के सीनियर अधिकारियों की निगरानी में करवाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वीरवार से यह पुल छोटे वाहनों के लिए खोला गया है। जबकि पूरी तरह मरम्मत हो जाने पर अगले सप्ताह यह पुल भारी वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा। इस मौके पर हलका आत्मनगर और विधानसभा क्षेत्र साउथ के सारे पार्षद मौजूद थे।