बठिंडा पोस्ट आफिस के सामने भूख हड़ताल शुरू
डाक कर्मियों ने लगाया धरना, सरकार की निंदा
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। ऑल इंडिया ग्रामीण डाक सेवा यूनियन, नेशनल ग्रामीण डाक सेवक यूनियन, नेशनल फेडरेशन और पोस्टल इंप्लाइज यूनियन ने बुधवार को पोस्ट आफिस के आगे अनिश्चित समय के लिए भूख हड़ताल शुरू कर धरना लगाया। इस दौरान डिवीजन के सचिव बलविंदर कौर ने सरकार की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोक विरोधी होने के चलते ग्रामीण डाक कर्मियों की मांगों को पूरा नहीं कर रही है, लेकिन बडे़ कारोबारियों को बड़ी-बड़ी राहत दे रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक सरकार ने कमलेश चंदर कमेटी की रिपोर्ट लागू नहीं की। इसे लेकर उनकी ओर से 2017 में छह दिवसीय हड़ताल की गई थी। इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि रिपोर्ट जल्द लागू की जाएगी। वहीं सरकार और विभाग की ओर से लगातार टालमटोल किया जा रहा है। सरकार की ओर से डाक विभाग के कर्मियों की मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस दौरान नेताओं ने सरकार और विभाग के अधिकारियों प्रति रोष जाहिर किया।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग का 75 फीसदी काम ग्रामीण डाक कर्मी करते हैं, लेकिन सरकार की ओर से डाक कर्मियों के काम को नजदअंदाज किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि उनकी ओर से की जा रही इस हड़ताल से आम लोगों के घरों में डाक नहीं दी जाएगी, जिसकी जिम्मेवारी सरकार और विभाग की होगी।