आंगनबाड़ी वर्करों का रोष प्रदर्शन
फिरोजपुर रोड जाम करने पर पुलिस से धक्कामुक्की
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन पंजाब सीटू के बैनर तले वर्करों ने सोमवार को मिनी सचिवालय के सामने रोष प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की और कुछ देर के लिए मिनी सचिवालय के बाहर ने गुजर रही फिरोजपुर रोड पर जाम भी लगाया। इस दौरान वर्करों की पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। वर्करों ने साफ किया कि मांगों पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रधान सुभाष रानी ने कहा कि देश भर में 14 लाख आंगनबाड़ी सेंटरों के जरिये दस करोड़ से अधिक बच्चों एवं दो करोड़ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली महिलाओं की सेहत संभाल व खुराक का इंतजाम आंगनबाड़ी वर्कर करती हैं। मोदी सरकार इन केंद्रों को खत्म कर निजी क्षेत्र को बढ़ावा दे रही है। पंजाब में कैप्टन सरकार भी वर्करों की अनदेखी कर रही है। जबकि चुनावों से पहले कांग्रेस ने वादा किया था कि आंगनबाड़ी वर्करों की समस्याओं का निपटारा पहल के आधार पर किया जाएगा।
सुभाष रानी ने कहा कि सरकार ने सरकारी प्राइमरी स्कूलों में ही प्री प्राइमरी स्कूल शुरू करने के फैसले से वर्करों के रोजगार पर तलवार लटक रही है। यूनियन की मांग है कि तीन से छह साल के बच्चों दाखिला आंगनबाड़ी केंद्रों में करना यकीनी किया जाए। कम से कम वेतन 18 हजार रुपये प्रति माह वर्कर एवं 15 हजार रुपये हेल्पर को दिए जाएं। वर्करों के लिए पेंशन एवं ग्रेच्युटी का इंतजाम किया जाए। इस मौके पर भिंदर कौर, सुरजीत कौर, जसबीर कौर, आशा रानी, निर्मल कौर, अमरजीत कौर मौजूद रहीं।