गंदे पानी की आपूर्ति का विरोध
लुधियाना। गांव जवद्दी कलां के लोगों ने इलाके में पिछले कुछ दिनों से हो रही गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर नाराजगी जताई। इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि डायरिया के कारण नौ वर्षीय बच्चे हरमन की मौत हो गई। इसे लेकर भी लोगों में भारी रोष रहा। लोगों ने इसे लेकर डीसी को पत्र लिख कर मुआवजे की मांग की है। दूसरे जानकारी मिलते ही सेहत विभाग एवं नगर निगम सक्रिय हो गए। इलाके में पानी के पांच सैंपल लिए गए और जांच के लिए लैब में भेजे गए।
मृतक बच्चे के पिता बलजीत सिंह का कहना है कि हरमन को पिछले दो दिन से दस्त की शिकायत थी। माडल टाउन स्थित निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह ही उसने अंतिम सांस ली। लोगों का आरोप है कि इलाके में और भी लोग दस्त से पीड़ित हैं। लोगों ने इलाके में आ रहा गंदा पानी भी दिखाया। उधर, बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक तरसेम जोधां व पूर्व पार्षद सतविंदर जवद्दी मृतक के घर पहुंचे।
साहनेवाल सीएचसी से एक टीम पहले इलाके में भेजी गई। दोपहर में जिला मलेरिया अफसर डा. रमेश भगत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सेहत विभाग की टीमों ने इलाके में सर्वे किया। सेहत विभाग की टीम को भी गंदे पानी से भरी बाल्टियां दिखाई गईं। निगम अधिकारियों का निर्देश दिया गया कि इलाके मेें पाइपों से पानी की आपूर्ति बंद करके टैंकरों से सप्लाई की जाए।
इसके बाद निगम के एक्सईएन बलविंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की। सतविंदर जवद्दी व तरसेम जोधां ने कहा कि कई दिनों से इलाके के लोग गंदा पानी पी रहे हैं और प्रशासन कोई भी कदम नहीं उठा रहा है।
निगम के एक्सईएन बलविंदर सिंह का कहना है कि किसी ने कनेक्शन लगाते वक्त पानी की पाइप तोड़ दी। इससे मिट्टी पानी में मिल गई और एक ही गली में पानी की सप्लाई हुई। फिलहाल पाइप को सही कर दिया गया है। पानी को चेक किया जा रहा है। डा. रमेश भगत का कहना है कि इलाके में सर्वे के दौरान कोई अन्य मरीज नहीं मिला है। हां, गंदे पानी की शिकायत मिली है। निगम को टैंकरों से पानी की आपूर्ति करने को कहा गया है। उनका कहना है कि इलाके में स्थिति पर पूरी निगाह रखी जा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है।