संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जिले के गांव जीदा में 35 नहरी पानी के खालों का उद्घाटन किया। इन खालों के नवीनीकरण पर 14.57 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इससे 16 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री गोयल ने बताया कि इस परियोजना से नहरी सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। पहले इन खालों से 1710 एकड़ क्षेत्रफल में सिंचाई होती थी। अब यह बढ़कर 7163 एकड़ हो जाएगा। नेयोर माइनर के तहत गांव जीदा में 1.29 करोड़ रुपये की लागत से 5.30 किलोमीटर लंबे खाल बनाए गए हैं। इनसे जीदा के किसानों के 500 एकड़ क्षेत्रफल तक नहरी पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि नहरों और खालों के नवीनीकरण से पानी का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे किसानों की ट्यूबवेलों पर निर्भरता कम होगी। बिजली की खपत और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी घटेगा। मंत्री गोयल ने कहा कि सरकार टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे विकास कार्य किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे। पंजाब सरकार राज्य में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। भविष्य में भी सिंचाई से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे कृषि उत्पादकता में सुधार होगा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी होगा।