संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। सब्जी मंडी में दुकान खरीदने के लिए 50 लाख रुपये के लोन का झांसा देकर एक व्यक्ति से दो लाख 85 हजार रुपये ठग लिए गए। जोधेवाल पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद विशाल कुमार और उसकी पत्नी मोनिका के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
इंद्र विहार बहादुर के रोड निवासी दलजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें सब्जी मंडी में दुकान के लिए 50 लाख रुपये का बैंक लोन दिलाने का वादा किया। लोन प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई के बहाने उनसे दो लाख 85 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। काफी समय बीतने के बाद भी लोन नहीं मिला और न ही पैसे वापस किए गए। तब दलजीत सिंह को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए। थाना जोधेवाल में विशाल कुमार और मोनिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।