स्कूल ने दोबारा ली पंजाबी की परीक्षा
सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं की 66 छात्राओं ने दोबारा दिया इम्तिहान
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी गोबिंदगढ़।
सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रिंसिपल ने 11वीं की वार्षिक परीक्षा में उन 66 छात्राओं से दोबारा जनरल पंजाबी का पेपर लिया है। शनिवार को स्कूल में छात्राओं को कंप्यूटर पेपर के साथ दोबारा जनरल पंजाबी का पेपर भी देना पड़ा। स्कूल की इस कार्रवाई से नाखुश अभिभावकों ने दबी जुबान में अपनी बच्चियों के भविष्य की चिंता भी जताई है।
इससे पहले गत 3 मार्च को 11वीं की कक्षा के सेक्शन डी की करीब 66 छात्राएं जनरल पंजाबी का पेपर दे चुकीं हैं। स्कूल में 11वीं कक्षा के 4 सेक्शन हैं। केवल सेक्शन डी से ही दोबारा पेपर लिया गया है। जब मीडिया को इस बात का पता लगा तो स्कूल के किसी भी अध्यापक ने मीडिया से कोई बात नहीं की और पेपर दे रहीं छात्रों को भी कथित तौर पर मुंह बंद रखने को कहा गया। स्कूल प्रिंसिपल ने दोबारा लिए पेपर का सही कारण स्पष्ट तो नहीं किया इतना जरूर कहा कि ये पेपर ईमानदारी और अनुशासन से नहीं हुआ था। शिक्षा माहिरों ने स्पष्ट किया है कि वार्षिक परीक्षा में दोबारा पेपर नहीं लिया जा सकता।
क्या कहते हैं स्कूल प्रिंसिपल
प्रिंसिपल डॉ. अमरबीर सिंह ने फोन पर बताया कि स्कूल में अनुशासन और ईमानदारी को कायम रखना मेरा पहला फर्ज है। हमें पेपर में कुछ खामियां लगीं। इस लिए डीईओ परमजीत कौर सिद्धू के ध्यान में लाकर हमने एक जांच कमेटी बनाई है। कमेटी 31 मार्च के वार्षिक परीक्षा के नतीजे से पहले डीईओ को अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। वहीं डीईओ परमजीत कौर सिद्धू का कहना है कि मुझे किसी भी तरह की कोई जानकारी नहीं है। मैं पता कराकर ही कुछ कह सकती हूं।