डेरा मुखी प्रकरण : बठिंडा में निकाला फ्लैग मार्च
लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
डेरा मुखी की सजा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। इसके तहत प्रशासन की ओर से मंगलवार को शहर के फायर ब्रिगेड चौक से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया गया। इस मौके पर पुलिस उच्चाधिकारियों के अलावा शहर के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ-साथ महिला पुलिस ने भी भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन किसी तरह से कोई ढील नहीं बरत रहा है। फ्लैग मार्च निकालने का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानून के प्रति जागरूक करना है। डेरा मुखी प्रकरण के मद्देनजर जिले में सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने का सिलसिला जारी है। संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में बीएसएफ कंपनी अभी 16 सितंबर तक तैनात रहेंगी। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बीएसएफ के साथ-साथ पंजाब पुलिस और होमगार्ड के जवान मुस्तैद रहेंगे। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।
10 प्रेमियों में से एक घर लौटा, 1 की मौत, 8 लापता
वहीं मुक्तसर के गांव अब्लू खुराना से करीब 10 प्रेमी 25 अगस्त को पंचकूला में राम रहीम के समर्थन में गए थे। वहां पर हालात बिगड़ने के बाद पैदल चलकर घर पहुंचे एक डेरा समर्थक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसके 9 अन्य साथियों में से एक की मौत हो गई। वहीं बाकी समर्थकों के बारे में अभी तक उसके पास या उनके परिजनों के पास कोई जानकारी नहीं है। उसने बताया कि हालत इतने बदतर हो गए थे कि कुछ डेरा समर्थक तो अपनी जान बचाने के लिए नेशनल हाईवे के साथ सटे सुनसान रास्ते में छिपे। रात होने पर किसी तरह पैदल चलकर कई डेरा समर्थक अपने घर पहुंचे।