डायट प्रशिक्षुओं ने किया रोष प्रदर्शन
डीसी दफ्तर के बाहर की नारेबाजी, टीचिंग प्रैक्टिस का समय बढ़ाने पर पनपा रोष
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रशिक्षुओं ने बुधवार को डीसी दफ्तर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही मांगें पूरी करने के लिए जमकर नारेबाजी की। साथ ही डीओ सेकेंडरी परमजीत कौर सिद्धू को मांग पत्र भी सौंपा।
प्रदर्शनकारी प्रशिक्षुओं ने मांगपत्र में कहा है कि डायट के पहले और दूसरे सेशन में टीचिंग प्रैक्टिस का समय 60 दिन था, अब उसे बढ़ाकर 117 दिन कर दिया गया है। यह एमएचआरडी की हिदायतों के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने बताया कि डायट में स्टाफ की कमी होने के कारण उनकी पढ़ाई सही ढंग से शुरू नहीं हो सकी। अनावश्यक टीचिंग प्रैक्टिस करके प्रशिक्षणार्थी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
इससे उनके समय और पैसों की बरबादी हो रही है। वहीं यह भी कहा कि एसएसए रमसा कर्मचारियों की चल रही पक्की हड़ताल के कारण उनका काम भी डायट प्रशिक्षणार्थी से लिया जा रहा है। प्रशिक्षुओं ने डीसी समेत शिक्षा मंत्री पंजाब, शिक्षा सचिव, डायरेक्टर एससीआरटी पंजाब, जिला शिक्षा अफसर और प्रिंसिपल डाइट के नाम मांग पत्र भेजा। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याएं दूर ने होने पर आगे के संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जाएगी।