शराब फैक्टरी की आग साढ़े छह घंटे में बुझी
एसपी हेडक्वार्टर ने भी किया फैक्टरी का दौरा
पूर्व अकाली विधायक से एसपी ने की बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। गांव मछाना में स्थित ओम संस शराब फैक्ट्री में मंगलवार रात लगी आग करीब साढ़े छह घंटे के बाद बुझ सकी। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस फोरेंसिक टीम कारणों का पता लगाने में जुटी है। अग्निकांड फैक्टरी की बिल्डिंग काफी क्षतिग्रस्त हो गई है।
मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे शराब फैक्टरी में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड मुलाजिमों ने तड़के करीब तीन बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। फैक्टरी मालिक पूर्व अकाली विधायक दीप मल्होत्रा मौके पर पहुंचे और फैक्टरी का जायजा लिया। उन्होंने फैक्टरी के कर्मचारियोें से बातचीत की आग के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभाग की फोरेसिंक जांच टीम एसपी हेडक्वार्टर सुरिंदर पाल सिंह की अगुवाई में फैक्टरी पहुंची। एसपी व टीम ने फैक्टरी मालिक मल्होत्रा से बातचीत कर आग लगने के कारणों संबंधी जांच की ।
एसपी ने बताया आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। इस घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। फैक्टरी के बाटलिंग प्लांट में आग अचानक आग लगी थी। जांच की जा रही है। फैक्टरी मालिक पूर्व अकाली विधायक दीप मल्होत्रा का कहना था कि आग लगने संबंधी उनको रात सूचना मिली थी । आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है।
ढाई सौ कर्मी दो माह के लिए हो जाएंगे बेरोजगार
पूर्व अकाली विधायक ने बताया फैक्टरी की इमारत काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। फैक्टरी में करीब ढाई सौ व्यक्ति काम करते थे । अग्निकांड से फैक्टरी पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। फैक्टरी को दुबारा पटरी पर लाने के लिए दो माह का समय लगेगा। इसके चलते दो माह के लिए फैक्टरी के करीब ढाई सौ कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं।