पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का एलान
ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब ने बैठक में लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब की एक बैठक सोमवार को स्थानी टीचर होम में हुई। इसमें विभिन्न ठेका मुलाजिम जत्थेबंदियों ने हिस्सा लेकर कई अहम फैसलों पर विचार किया। ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब ने एलान करते हुए कहा कि 23 से 31 मार्च तक सूबे भर में पंजाब सरकार की अर्थियों को फूंका जाएगा।
मोर्चा के नेता वरिंदर सिंह, जगरूप सिंह, शेर सिंह और अमरीक सिंह ने मीडिया को बयान जारी कर बताया कि अकाली सरकार को भी ठेका मुलाजिमों ने संघर्ष कर झुकाया था और उसी सरकार से ठेका आधारित एक्ट 2016 लागू करवाया था। बिलकुल उसी तर्ज पर अब मौजूदा कांग्रेस की सरकार के खिलाफ ठेका कर्मियों ने अपना संघर्ष जारी किया हुआ है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी सभी जायज मांगों को सरकार प्रवान नहीं कर लेती।
उन्होंने कहा कि 23 मार्च को भगत सिंह, सुखदेव सिंह और राजगुरु का शहीदी दिवस ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा पंजाब के बैनर तले सूबे के सभी जिलों में मनाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि बठिंडा थर्मल और रोपड़ के दो यूनिट बंद करने से और काम से निकाले गए कच्चें कर्मियों को बहाल करवाने के लिए जो 27 जनवरी 2018 को पावरकॉम मैनेजमेंट के साथ समझौता हुआ था, उसे लागू करवाना, आउटसोर्सिंग पॉलिसी के अधीन काम करते विभिन्न विभागों के कर्मियों को एक्ट 2016 के तहत भत्ते समेत पूरा वेतन, पेंशनरी लाभ समेत विभाग में रेगुलर किया जाए। इस दौरान विभिन्न यूनियनों के नेता मौजूद थे।