डैपो 23 मार्च को लेंगे नशा विरोधी शपथ
जिलास्तरीय समारोह सरकारी कालेज लड़के सिविल लाइन होगा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
कैप्टन सरकार नशे का इस्तेमाल रोकने के लिए डैपो (ड्रग अब्यूज प्रीवेंशन आफीसर्स) प्रोग्राम शुरू कर रही है। इसमें न सिर्फ नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी बल्कि नशे में फंसे नौजवानों को इलाज कराने के साथ लोगों को इससे दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह डैपो की शुरुआत शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां से 23 मार्च को करेंगे। इस संबंधी जिलास्तरीय समारोह सरकारी कालेज लड़के सिविल लाइन में करवाया जा रहा है। डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल ने अपने आफिस में मीटिंग के दौरान बताया कि इसके अलावा प्रत्येक सब डिविजन स्तर पर भी समारोह करवाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक संस्थान को अपने अपने स्तर पर इस तरह के समारोह करवाने तथा नए बन रहे डैपो को सौगंध दिलाने के लिए कहा गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री की अगुवाई में होने वाले समारोह का लाइव प्रसारण सभी जिलों में होगा। डैपो प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्त मोहल्ला बनाना है। इसके तहत कई जिलों में वालंटियरों के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नशे में फंसे लोगों को बचाने के लिए इलाज करवाया जाएगा। इन मरीजों को सरकार खास तरीके के कार्ड जारी करेगी, जिससे मरीजों संबंधी जानकारी आसानी से मुहैया करवाई जा सकेगी।