नौ सेवा केंद्रों की बिजली कटी
जनरेटरों के सहारे चलाया जा रहा काम, लोग हो रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
बिजली बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण पावरकाम ने भवानीगढ़ सब डिवीजन के नौ सेवा केंद्रों के कनेक्शन काट दिए हैं। इससे सेवा केंद्रों में अपने काम के लिए वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सेवा केंद्रों के अधिकारी जनरेटरों के सहारे काम चलाने का दावा कर रहे हैं।
पावरकाम ने बिजली बिल न भरने के चलते भवानीगढ़ के दो सेवा केंद्रों, गांव गेहलां, काकड़ा, फग्गूवाला, नागरा, नदामपुर, झनेड़ी, घराचों के कनेक्शन काट दिए हैं। इसके लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। ज्यादातर लोगों को अपना काम करवाए बगैर ही लौटना पड़ रहा है। सब डिवीजन भवानीगढ़ पावरकाम के रेवेन्यू अधिकारी हरदीप सिंह ने इसकी पुष्टि करते कहा कि इन केंद्रों के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर कनेक्शन काटे गए है। कार्रवाई विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेशों पर की गई है।
जिला प्रबंधक गुरजंट सिंह का कहना है कि सेवा केंद्रों के बिजली बिलों के भुगतान का कार्य डिपार्टमेंट आफ ई गवर्नेंस रिफार्म के हाथों में होता है। बिजली कनेक्शन काटे जाने की सूचना विभाग के उच्चाधि कारियों को दी गई है। फिलहाल सेवा केंद्रों में जनरेटरों से काम चलाया जा रहा है। भवानीगढ़ के एसडीएम अमरिंदर सिंह का कहना है कि लोगों की परेशानी को देखते हुए सेवा केंद्रों में बिजली सप्लाई को जल्द बहाल कराया जाएगा।