कांग्रेस सरकार की नीयत व नीति स्पष्ट नहीं: ढींढसा
कहा, कैप्टन ने चुनाव घोषणा पत्र का कोई वादा नहीं किया पूरा
शहीद ऊधम सिंह की यादगार बनाने में देरी सरकार की नाकामी
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री व अकाली दल के महासचिव परमिंदर सिंह ढींढसा ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस सरकार की नीयत और नीति स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस सरकार अपने दावों व फैसलों पर खुद ही सवालिया निशान लगा रही है। ढींढसा सुनाम में शहीद ऊधम सिंह के भांजे खुशी नंद (105) के निधन पर शोक जताने पहुंचे थे।
इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए ढींढसा ने कहा कि सरकार की ओर से सुनाम में महान शहीद ऊधम सिंह की यादगार बनाने केलिए सवा दो करोड़ रुपये देने की घोषणा और इसमें से एक करोड जारी करने का दावा ट्विट के माध्यम से 6 माह पहले किया गया। इसमें अभी तक कुछ नहीं हुआ है। पूर्व वित्त मंत्री ढींढसा ने कहा कि अकाली भाजपा सरकार ने यादगार के लिए जमीन खरीदी और नक्शा तैयार करवाया। इस संबंधी टेंडर लगाया गया था और आचार संहिता लागू होने के कारण यादगार का निर्माण शुरू नहीं सका था। कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया है।
शहीद के भांजे खुशी नंद के निधन पर शोक जताते उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मामा (ऊधम सिंह) की सोचपर पहरा दिया और जनसेवा को समर्पित रहे। उनके निधन पर समाज को भारी क्षति हुई है। ढींढसा ने कहा कि वर्तमान दौर मेंजनता बुनियादी सहूलतों को तरस रही है। जनकल्याण की तमाम योजनाएं दम तोड़ चुकी हैं। हरेक वर्ग अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने को विवश हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए अकालीदल अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने में पूरी तरह से जुट गया है। चुनावी घोषणा पत्र में पूरे किए जाने वाले वादे ही शामिल होंगे। इस मौके पर अकाली दल के जिलाध्यक्ष प्रितपालसिंह हांडा, नगर पार्षद यादविंदर निर्माण, रविंदर गोरखा, ज्ञान सिंह, मीत सिंह, रामसिंह हाजिर थे।